• 26-04-2024 11:10:10
  • Web Hits

Poorab Times

Menu

दुर्ग

भारतीय जनता पार्टी ने वैशाली नगर में अब तक की सबसे बड़ी रैली निकाली

भिलाई। वैशाली नगर में भारतीय जनता पार्टी ने विशाल तिरंगा रैली निकाली। वैशाली नगर के लिहाज से इसे अब तक की सबसे बड़ी रैली कहा जा रहा है। वार्ड एक से शुरू हुई मोटर साइकिल रैली का समापन वार्ड 37 में किया गया। रैली में सांसद, पूर्व मंत्री, वैशाली नगर विधायक समेत भाजपा के सभी पार्षद व छाया पार्षद मौजूद थे। रैली को लेकर तीन दिन पूर्व वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन ने वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा पार्षदों व छाया पार्षदों तथा पूर्व पार्षदों की बैठक बुलाई थी। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए थे। शुक्रवार को उमड़ी भीड़ आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा का संदेश देने में सफल रही। इस दौरान रैली में चल रहे भाजपा कार्यकर्ता लोगों से हर घर तिरंगा लगाने की अपील कर रहे थे।

खुली जीप में सवार थे सांसद व पूर्व मंत्री

मोटर साइकिल रैली में दुर्ग सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय तथा वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन शामिल हुए। तीनों नेता खुली जीप में सवार थे। तीनों नेता रैली के दौरान लोगों से हर घर तिरंगा फहराने की अपील कर रहे थे। मोटर साइकिल में सवार भाजपा के कार्यकर्ता भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। बताया जा रहा है रैली 15 सौ मोटर साइकिल के साथ निकाली गई थी।

वार्ड 37 में हुआ समापन

हर घर तिरंगा रैली वार्ड एक स्मृति नगर से निकलकर जुनवानी, खम्हरिया होते हुए सुपेला के सभी वार्ड, कैंप के सभी वार्डो में पहुंची । तकरीबन चार बजे रैली वैशाली नगर विधानसभा के अंतिम वार्ड हाउसिंग बोर्ड पहुंची। जहां रैली का समापन किया गया। इस दौरान सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय तथा विधायक विद्यारतन भसीन ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने की अपील की है। प्रधानमंत्री की अपील के मद्देनजर सभी को गर्व के साथ तिरंगा फहराना है।

 

 

Add Rating and Comment

Enter your full name
We'll never share your number with anyone else.
We'll never share your email with anyone else.
Write your comment
CAPTCHA

Your Comments

Side link

Contact Us


Email:

Phone No.