कोर्ट में भेजी सरेंडर की अर्जी, ओमेक्स सोसाइटी से गिरफ्तार 6 लोग 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी पर सोमवार को प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया। सोसाइटी में त्यागी के अवैध निर्माण को प्रशासन ने बुलडोजर से ढहा दिया। त्यागी ने फ्लैट में जाने के लिए सोसाइटी के बेसमेंट से सीढ़ी बनवा रखी थी। टीम ने उसे भी तोड़ दिया है।त्यागी की गिरफ्तारी के लिए STF और पुलिस की 12 टीमें लगाई गई हैं। उस पर 25 हजार का इनाम रखा गया है। उसकी प्रेमिका को भी हिरासत में ले लिया गया है। नोएडा के भंगेल मार्केट में त्यागी की 40 दुकानें और धर्मकांटा है। पैमाइश के बाद 10 दुकानें ढहाई जाएंगी। बाकी पर भी कार्रवाई की तैयारी है। श्रीकांत त्यागी के 6 गुर्गों को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। ओमेक्स सोसाइटी में रविवार रात त्यागी के 15 गुर्गे घुस आए थे। उन्होंने यहां लोगों पर पत्थरबाजी की और मारपीट भी की। अवैध निर्माण को लेकर श्रीकांत त्यागी की सोसाइटी की एक महिला और उसके पति से झड़प हुई थी। त्यागी ने दोनों को गालियां दी थीं और धमकाया था।
योगी ने पूछा- भाजपा में जॉइनिंग किसके कहने पर?
श्रीकांत त्यागी को सरकार के एक वर्तमान मंत्री और एक पूर्व मंत्री का संरक्षण मिला था। उसे गाजियाबाद से सिक्योरिटी मिली थी। तब DM ऋतु माहेश्वरी थीं। सीएम योगी ने भाजपा में जॉइनिंग किसके कहने पर हुई थी, इसकी जानकारी भी मांगी है।
त्यागी की लोकेशन मिली, CCTV में भी दिखा
पुलिस को श्रीकांत त्यागी की लास्ट लोकेशन हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच मिली है। उसका करीब 10 बार फोन ऑन-ऑफ हुआ है। वह हरिद्वार में एक जगह CCTV में भी कैद हुआ है। घटना के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने थाना फेस-2 के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया। उनकी जगह परम हंस तिवारी को लाया गया। फरार श्रीकांत त्यागी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। इसके अलावा आरोपी नेता की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। तलाश में पुलिस ने दिल्ली, उत्तराखंड व UP में दबिश दी है। अफसरों ने कहा कि श्रीकांत त्यागी जब तक पकड़ा नहीं जाता, तब तक श्रीकांत त्यागी के घर के बाहर पुलिस तैनात रहेगी। परिवार के हर मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने आरोपी की चार महंगी गाड़ियों को जब्त कर लिया है। सोसाइटी में हंगामे की सूचना के बाद भाजपा सांसद महेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद लोगों ने उनका घेराव कर लिया। शर्मा ने भीड़ के सामने ही किसी को फोन लगाया और तल्ख लहजे में कहा, 'मेरे कहने पर पुलिस आई। मेरे जिलाध्यक्ष और मैं यहां पर हूं। हमें शर्मिंदगी महसूस हो रही है। हमारी सरकार है। 15 लड़के सोसाइटी में कैसे आए? इससे बड़ी शर्म की बात नहीं हो सकती है।'
सोसाइटी वाले बोले- लाठी-डंडे लेकर आए थे उपद्रवी
ओमेक्स सोसाइटी में रविवार रात करीब 3 घंटे तक सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सांसद, विधायक और DM समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों ने कहा कि जो युवक सोसाइटी में घुसे, वो त्यागी के गुंडे हैं। उसी के कहने पर आए थे। उपद्रवी युवकों ने सोसाइटी के लोगों पर पथराव भी किया। बच्चों का एक वीडियो आया था। इसमें बच्चे रो रहे थे। 6 युवकों को पकड़ लिया गया है। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि युवकों के हाथों में लाठी-डंडे थे। उन लोगों ने श्रीकांत त्यागी का पता पूछा था। इसके बाद उत्पात मचाना शुरू कर दिया। हिरासत में लिए गए युवकों का कहना है कि वो सभी त्यागी समाज से हैं। त्यागी संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कोई भी बवाल नहीं किया।
भाजपा ने पल्ला झाड़ा पर त्यागी की तस्वीरें बड़े नेताओं के साथ
श्रीकांत त्यागी ने अपने ट्विटर अकाउंट के बायो में खुद को BJP से जुड़ा नेता बताया है। भाजपा का एक लेटर पैड भी सामने आया है। इसमें युवा किसान समिति की राष्ट्रीय सूची में त्यागी का नाम दूसरे नंबर पर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद महेश शर्मा ने श्रीकांत के भाजपा नेता होने से किनारा किया। उन्होंने कहा, ''त्यागी का BJP से कोई संबंध नहीं है।'' हालांकि, त्यागी के खास और खुद को BJP युवा मोर्चा का जिला मंत्री बताने वाले रवि पंडित की महेश शर्मा के साथ फोटो वायरल है। आरोप है कि रविवार की रात वह भी ओमेक्स सोसाइटी पहुंचा था।
Add Rating and Comment