अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने 2 अगस्त को ताइवान दौरा किया

दौरे से नाराज चीन 3 अगस्त से ताइवान के आसपास के इलाकों में मिलिट्री ड्रिल कर रहा है। ताइवानी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, शुक्रवार को मिलिट्री ड्रिल के दूसरे दिन चीन के 68 फाइटर जेट्स ने ताइवानी एयरस्पेस में घुसपैठ की। वहीं, 13 वॉरशिप्स ने ताइवान स्ट्रेट (मीडियन लाइन) को पार किया। इधर, चीन ने अमेरिका से डिफेंस पॉलिसी कोऑर्डिनेशन पर बातचीत रद्द करने का ऐलान किया है। साथ ही US के साथ समुद्र में सैन्य सहयोग पर भी रोक लगा दी है। इससे पहले शुक्रवार को चीन ने नैंसी पेलोसी पर प्रतिबंध भी लगाए हैं। हालांकि, चीन ने किस तरह के प्रतिबंध लगाए हैं, ये स्पष्ट नहीं हैं। पेलोसी की ताइवान यात्रा के जवाब में चीन ने 8 कार्रवाइयों का ऐलान किया है।
चीन ने कहा- नैंसी का दौरा वन चाइना पॉलिसी का उल्लंघन
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा- पेलोसी ने हमारे विरोध के बावजूद ताइवान का दौरा किया। ये हमारे लिए गंभीर मुद्दा है। विदेश मंत्री वांग यी ने कहा- US संसद की स्पीकर ने हमारे आंतरिक मामलों में दखल दिया है। उन्होंने वन-चाइना पॉलिसी का उल्लंघन किया है। चीन के विरोध के बावजूद पेलोसी ने ताइवान जाकर क्षेत्र की शांति को खतरे में डाला है। वहीं, ताइवानी डिफेंस मिनिस्ट्री ने कहा- हमने एहतियात के तौर पर मिसाइल सिस्टम तैनात कर दिया है। हम चीन की हरकत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मॉनिटरिंग के लिए कुछ एयरक्राफ्ट और शिप को रवाना किया गया है। ताइवान में सिंचु एयर बेस पर मॉनिटरिंग के बाद लैंड करता ताइवानी एयरफोर्स का मिराज 2000-5 विमान।
जापान पहुंची नैंसी
ताइवान विजिट के बाद नैंसी पेलोसी जापान पहुंचीं। उन्होंने चीनी सैन्य अभ्यास की निंदा की। पेलोसी ने कहा- अमेरिकी अधिकारियों को ताइवान यात्रा करने से रोककर चीन ताइवान को अलग-थलग नहीं कर सकता। हम ताइवान को आइसोलेट नहीं होने देंगे। अमेरिका चीन को ऐसा करने से रोकेगा। US संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात की। इस दौरान PM किशिदा ने बताया कि जापान ने चीन से तुरंत ड्रिल खत्म करने के लिए कहा है।
कल 11 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं
चीन की एक्सरसाइज 7 अगस्त तक चलेगी। सैन्य अभ्यास के पहले दिन चीन के 100 से अधिक फाइटर जेट्स ने ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी एयरस्पेस में उड़ान भरी थी। ताइवान के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिमी तट के पास 11 डोंगफेंग बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागी थीं। चीन की ओर से दागी गई 5 बैलिस्टिक मिसाइलें गुरुवार को जापान के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) में गिरीं। जापान के रक्षा मंत्री नोबुओ किशी ने गुरुवार को डिप्लोमैटिक चैनल के जरिए इस घटना का विरोध दर्ज कराया था।
Add Rating and Comment