छोटे बच्चों की आंखों में काजल लगाने से हो सकते हैं ये नुकसान

Side Effects of Kajal for Baby: बच्चों की आंखों में काजल लगाने से उनको कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
भारत में आमतौर पर पैदा होते ही बच्चे को काजल लगाने की प्रथा है। यह माना जाता है कि काजल लगाने से आंखें खूबसूरत और स्वस्थ बनती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि काजल लगाने से बच्चों की आंखो को गंभीर नुकसान भी पहुंच सकता है। दरअसल, काजल बनाने के लिए 50 प्रतिशत से ज्यादा लेड का इस्तेमाल किया जाता है, जो शिशु की आंखो के लिए बहुत घातक हो सकता है। लेड सिर्फ आंखो को ही नहीं, बल्कि किडनी, मस्तिष्क, बोन मैरो और शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित कर सकता है। आइए जानते हैं शिशु की आंखों पर काजल लगाने से उन्हें कौन-सी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
इन्फेक्शन का खतरा
शिशु की त्वचा काफी कोमल और सेंसिटिव होती है। जरा सी लापरवाही भी शिशु में इन्फेक्शन को कारण बन सकता है। ऐसे में जब उंगली से उनकी आंखों में काजल लगाया जाता है, तो इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। कई बार उंगली से काजल लगाते समय बच्चे की आंख में चोट भी लग सकती है। इतना ही नहीं कई बार नहलाते समय बच्चों की आंखों का काजल उनके मुंह या नाक में जाने का डर बना रहता है। मुंह में काजल जाने से बच्चों को पेट से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं।
खुजली
कई बार हम मार्केट से बने काजल का उपयोग करते हैं, जिससे शिशु की आंख में खुजली हो सकती है। मार्केट के काजल में लेड भी पाया जाता है, जो उनके दिमागी विकास में रूकावट पैदा कर सकता है। कई बार शिशु को काजल लगाने से आंखों में रेजनेस आ सकती है, उन्हें खुजली और जलन महसूस हो सकती है।
त्वचा संक्रमण का खतरा
कई बार बच्चे आंखों पर लगे काजल को हाथ से रगड़ लेते हैं, इससे उन्हें हाथ की त्वचा पर इन्फेक्शन होने का खतरा अधिक रहता है। स्किन पर काजल लगने से बच्चों को फुंसी, रैशेज और जलन महसूस हो सकती है।
आंखो की रोशनी प्रभावित हो सकती है
कई बार हम छोटे-छोटे बच्चों पर काजल काफी अधिक मात्रा में लगा देते हैं। इससे बच्चो की आंखों के बीच का हिस्सा, जिसे कार्निया कहा जाता है, उसे नुकसान पहुंच सकता है। आंख का यह हिस्सा काफी नाजुक होता है, इसमें काजल जाने से आंखों की रोशनी प्रभावित हो सकती है।
बच्चो की आंखों से पानी आने की शिकायत
काजल लगाने से बच्चे आंख से पानी आने की शिकायत भी कर सकते हैं। आंखों पर काजल लगाने से एलर्जी हो सकती है, इसकी वजह से खुजली हो सकती है। साथ ही आंखों से पानी बी निकल सकता है। कई बार काजल बच्चों के आंखों के कोनों पर जम जाता है, इससे बच्चों में इन्फेक्शन होने का खतरा बढ़ सकता है।
Add Rating and Comment