पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह कोरोना पॉजिटिव , खुद दी संक्रमित होने की जानकारी
पूरब टाइम्स रायपुर । पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। लक्षण दिखने के बाद उन्होंने जांच कराई थी। उसकी रिपोर्ट थोड़ी देर पहले मिली है। अब होम आइसोलेशन में ही उनका इलाज चलेगा। बीते 24 घंटों में प्रदेश के 511 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रविवार को अपने आधिकारिक एकाउंट से कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, 'मैंने कोविड टेस्ट कराया है, जिसमें मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमण को देखते हुए कुछ दिन आइसोलेशन में रहूंगा। मेरा निवेदन है कि विगत दिनों जो भी लोग मेरे संपर्क में आये हैं, वह अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए, अपना कोविड टेस्ट जरूर कराएं।'
इस समय छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। डॉ. रमन सिंह शुक्रवार तक विधानसभा की कार्यवाही में शामिल रहे थे। शनिवार को विधानसभा में अवकाश था, इसकी वजह से कार्यवाही नहीं चली। बताया जा रहा है कोरोना के सामान्य लक्षण नजर आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने एहतियातन जांच कराई, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस सीजन में उनसे पहले स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कोरोना पॉजिटिव पॉजिटिव पाए गए थे। पिछले विधानसभा सत्रों में भी कई विधायक और मंत्री महामारी की चपेट में आ चुके हैं।
Add Rating and Comment