बिलासपुर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल के प्रवास के बाद बदलेगी भाजपा की तस्वीर
जिला भाजपा कार्यालय में संभाग के पदाधिकारियों की मीटिंग के बाद अब बढ़ेगी राजनीतिक सक्रियता

बिलासपुर। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल मंगलवार को अल्प प्रवास पर बिलासपुर आए थे। जिला भाजपा कार्यालय में बिलासपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले जिले बिलासपुर,मुंगेली,गौरेला पेंड्रा मरवाही,जांजगीर-चांपा,कोरबा व रायगढ़ जिले के प्रमुख पदाधिकारियों व वरिष्ठ भाजपा नेताओं से बात की। पहली बैठक परिचयात्मक रखी गई थी। पदाधिकारियों से उनके दायित्व के बारे में जानकारी ली। कब से संगठन में कामकाज कर रहे हैं इसकी भी पड़ताल की। परिचय लेने और संगठन के दायित्वों की जानकारी लेने के बाद औपचारिक चर्चा की और रायपुर के लिए रवाना हो गए। उनके जाते ही दिग्गज भाजपा नेताओं के साथ ही संगठन के पदाधिकारियों के बीच संगठन को लेकर चर्चा का बाजार गर्म हो गया है।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल के अल्प प्रवास और पचियात्मक बैठक के बाद से ही बिलासपुर संभाग की भाजपाई राजनीति में सरगर्मी देखी जा रही है। अटकलबाजी का दौर भी शुरू हो गया है। भाजपा के दिग्गजों के बीच यह अटकलें लगनी शुरू हो गई है कि आने वाले दिनों में संगठन स्तर पर बदलाव देखने को मिलेगा। बदलाव का स्वस्र्प क्या होगा इस संबंध में फिलहाल चर्चा ही हो रही है। प्रदेश भाजपाध्यक्ष की ताजपोशी के बाद यह माना जा रहा है कि जामवाल के बिलासपुर प्रवास का आने वाले दिनों में संगठन स्तर पर प्रतिक्रिया देखने को मिलेगी। उनके प्रवास को ना ता औपचारिक कहा जा सकता और न ही संयोग। हालांकि पहली बैठक परिचयात्मक थी पर आने वाले दिनों में इस बैठक के भी राजनीतिक हलचल देखने को मिलेगी।
संगठन को मजबूत बनाने पर दिया बल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने अपनी पहली बैठक में संगठन पर पूरा फोकस किया। बातों ही बातों में उन्होंने पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की बात कही। संगठन के साथ ही दायरा बढ़ाने पर बल दिया है। जाहिर है उनके इस तरह की हिदायतों का सीधा और स्पष्ट अर्थ है कि अब तक जो काम हो रहा है उससे वे संतुष्ट नहीं है। संगठनात्मक कामकाज के साथ ही अपना दायरा बढ़ाने की बात भी कही है। उनकी पहली बैठक और वापसी के बाद से भाजपाई शिविर में अटकलबाजी का दौर जारी है।
Add Rating and Comment