मालगाड़ी से टकराई भगत की कोठी एक्सप्रेस, बिलासपुर का एक यात्री गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर। गोंदिया- गुदमा रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार की रात 1:20 बजे बड़ा रेल हादसा हो गया। बिलासपुर से राजस्थान के भगत की कोठी स्टेशन जा रही एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। इस घटना के बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन में हड़कंप मच गया। सुबह- सुबह जोन के अधिकारियों की एक टीम गोंदिया के लिए रवाना हो गई। वहीं, 50 यात्रियों को मामूली चोट आई। बिलासपुर एक यात्री समेत दो को अधिक चोट लगी गई। जिन्हें पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
टक्कर के बाद बिलासपुर -भगत की कोठी एक्सप्रेस के एस-03 कोच के चारों पहिए पटरी से उतर गए। जिन दो यात्रियों को ज्यादा चोट आई, उनमें एक अंशु हैं। वे एस- 07 कोच की बर्थ संख्या 31 में बिलासपुर से जयपुर के लिए सफर कर रहे थे। दूसरे यात्री राजेश कुमार जनरल कोच में थे और वे दुर्ग से भोपाल के लिए सफर कर रहे थे। जानकारी मिलते ही गोंदिया से मेडिकल वेन रात 02:34 बजे घटना स्थल पहुंची। इसके बाद घायल यात्रियों को प्राथमिक एवं आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इसके बाद राहत यान करीब रात 03:14 बजे घटना स्थल पहुंची। जब जाकर राहत कार्य शुरू हुआ। सुबह 04:30 बजे गिरे हुए चारों पहियों को पटरी पर चढ़ा लिया गया। सुबह पांच बजे रेल आवागमन के लिए ट्रैक फिट दे दिया गया। सुबह आठ बजे के करीब ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो गई। हालांकि जिस कोच के पहिए उतरे थे, उन्हें ट्रेन से अलग किया गया। इसमें सवार यात्रियों को अलग- अलग कोच में बैठने की व्यवस्था की गई।
सिग्नल की तकनीकी खराबी हो सकती है वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना की मुख्य वजह सिग्नल हो सकती है। दरअसल गोंदिया-गुदमा रेल खंड के मध्य स्थित सिग्नल नंबर 149 रेड था। बिलासपुर -भगत की कोठी एक्सप्रेस दो मिनट सिग्नल पर खड़ी रही। इसके बाद पुन: आगे बढ़ी तथा कुछ दूरी पर उसी ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी के ब्रेकवान (गार्ड डिब्बा) से टकरा गई। इस घटना के कारण एस- 03 कोच के चारों पहिए पटरी से उतर गए।
Add Rating and Comment