बिलासपुर में झमाझम वर्षा, खूंटाघाट बांध में चलने लगा वेस्टवियर

बिलासपुर। अंचल के सबसे बड़े बांधों में से एक और पर्यटन केंद्र खूंटाघाट के वेस्ट वेयर में पानी छलकने लगा है। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुुंचने लगे हैं। पहली बार अगस्त माह में ही बांध छलकने लगा है। करीब 1.15 लाख एकड़ में बांध से सिंचाई होती है। पिछले साल अच्छी वर्षा के कारण बांध में पर्याप्त पानी था और इस वर्ष भी लगातार हो रही वर्षा के कारण खारंग नदी में पर्याप्त पानी है।
बांध पूरी तरह से भर गया और वेस्ट वेयर से पानी छलकने लगा है। बांध को सुरक्षित रखने के लिए इस प्रकार व्यवस्था की जाती है। इससे बांध में अतिरिक्त पानी जमा होने के बाद अन्य नहर से बह जाता है। लेकिन इस विशालकाय बांध में अतिरिक्त जल जब बहकर नहर में गिरता है तो यह नजारा किसी झरने की तरह दिखाई पड़ता है। इस कारण पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होता है। प्रतिवर्ष पर्यटकों को बांध से पानी छलकने की प्रतीक्षा रहती है। इस वेस्ट वियर को देखने दूर-दूर से लोग खूंटाघाट बांध पहुंचते हैं। अमूमन ऐसा नजारा अगस्त के अंतिम दिनों में या फिर सितंबर माह में नजर आता है। लेकिन इस साल अच्छी वर्षा के कारण अगस्त महीने में ही खूंटाघाट बांध पूरी तरह भर गया है। ज्ञात हो कि पहाड़ी क्षेत्र में हो रही अच्छी वर्षा के कारण यह स्थित बनी है।
गोकने नाला में बहे युवक की मिली लाश
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा मन्नाडोल के रहने वाले राजू लोधी पिता अशोक लोधी(24) रोजी मजूदरी करते थे। शुक्रवार की रात 11 बजे वे अपने साथियों के साथ गोकने नाला को पार कर रहे थे। इस बीच पानी के तेज बहाव में वे अपने एक साथी के साथ बहने लगे। आसपास के लोगों ने किसी तरह एक युवक को निकाल लिया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी पर पुलिस और आसपास के लोग रात में ही उनकी तलाश में जुट गए। शनिवार को दिनभर पुलिस और गोताखोर की टीम उनकी तलाश कर रही थी। देर शाम तक उनका पता नहीं चल पाया। इसके बाद रविवार की सुबह एक बार फिर से उनकी तलाश शुरू की गई। दोपहर को उनकी लाश कोरियापारा के पास झाड़ियों में फंसी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया।
Add Rating and Comment